The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhMISC

पिपरिया-गांगपुर सड़क एक माह में उखड़ने लगी

Spread the love

पिपरिया।लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा नगर पंचायत पिपरिया से गांगपुर तक बनाई गई करीब 3.80 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण में भारी अनियमितता सामने आई है। लगभग 390.43 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई यह सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही समय बाद खराब होने लगी है। सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों से उखड़ चुकी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में डामर की मात्रा बेहद कम उपयोग की गई, जिसके कारण सड़क एक माह भी टिक नहीं पाई।
सड़क निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क बनते ही कई स्थानों पर गिट्टी बाहर निकलने लगी और डामर गायब दिखाई दे रहा है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति बदहाल होना भ्रष्टाचार और लापरवाही को दर्शाता है।
सूचना पटल में भी गड़बड़ी
निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना पटल में भी अनियमितता देखने को मिली है। सूचना बोर्ड में यह तक स्पष्ट नहीं किया गया कि कार्य किस विभाग द्वारा कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा जानबूझकर जानकारी छिपाने का प्रयास किया गया ताकि निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ियों पर सवाल न उठ सकें। शासन के नियमों के अनुसार सूचना पटल में कार्य की लागत, निर्माण एजेंसी, विभाग और समय सीमा की जानकारी देना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां ऐसा नहीं किया गया। इसकी जानकारी ईई को भी दिया गया था पर इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
नाली निर्माण भी सवालों के घेरे में
सड़क के साथ बनाई गई नालियों का निर्माण भी मानकों के विपरीत बताया जा रहा है। कई स्थानों पर नाली सड़क स्तर से काफी नीचे बनाई गई है, जिससे सड़क का पानी नाली तक पहुंच ही नहीं पाएगा। इससे बरसात के दिनों में पानी सड़क पर जमा होगा और सड़क और जल्दी खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने इसे तकनीकी लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस सम्बंध में पीडब्लूडी दी के ईई को जानकारी लेने फोन के माध्यम से सम्पर्क करने का प्रयास किया पर सम्पर्क नहीं हो पाया।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *