The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

पर्यावरण दिवस पर अभा कार्टून स्पर्धा आयोजित

Spread the love

रायपुर। 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस पर हर साल की तरह इस साल भी कार्टून वॉच पत्रिका ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से अखिल भारतीय कार्टून प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्टून वॉच पत्रिका के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि यह प्रतियोगिता देश में अब तक सबसे ज्यादा वर्षों से चलने वाली कार्टून प्रतियोगिता बन चुकी है। हर साल यह प्रतियोगिता यूएनईपी द्वारा घोषित थीम पर ही आयोजित की जाती है। इस वर्ष यूएनईपी की थीम नाउ फॉर क्लाइमेट है।श्री शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का इंतजार पूरे देश के कार्टूनिस्टों को होता है और इसमें सभी उम्र के लोग सहर्ष हिस्सा लेते हैं। इस साल सबसे ज्यादा कार्टून जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी पर आए। उसके बाद पृथ्वी को सूरज की तरह तपता दिखाने वाले कार्टून और पृथ्वी द्वारा संकेत देने वाले कार्टून भी अलग-अलग कार्टूनिस्टों ने बनाए। इसके अलावा अनेक लोगों ने बढ़ती गर्मी को युद्ध से जोड़ा और कुछ ने घरों में एसी के बढ़ते उपयोग से।
पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर इस प्रतियोगिता के पुरस्कार घोषित किए गए। दस हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार हैदराबाद के एस. वी. रमणा एवं जम्मू के मनोज चोपड़ा के बीच बांटा गया। सात हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार हैदराबाद के वर्चस्वी और ओडिशा के देबाशीष के बीच तथा पांच हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार केरल के अनूप और रायपुर के कर्नल रमेश के बीच विभाजित किया गया।
एक-एक हजार रुपये के बीस पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागिो में कोल्हापुर से विजय मुसाले, तेलंगाना से वी. नागराज, नागपुर से उमेश चरोले, पुणे से खलील खान और गोपीनाथ, बेंगलुरु से रघुपति, हैदराबाद से एन. धीरजा, दिल्ली से निर्झर सोम, मुंबई से नितिन बंगाले, हैदराबाद से बाची, पेंडेला और के. के. वल्लूरी, नेल्लोर से राम शेषु, कर्नाटक से शैलेश उजरे, विशाखापट्टनम से कश्यप, हैदराबाद से शब्बीर, जम्मू से विराज, गोवा से स्मिता कामथ, हैदराबाद से योगेश शेट्टीगर तथा जय गुप्ता शामिल है।
शर्मा ने बताया कि 5 जून 2026 को चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के कार्यक्रम के साथ लगाई जाएगी। सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन पुरस्कार राशि एक सप्ताह के अंदर भेजी जाएगी और चयनित कार्टूनों के साथ कार्टून वॉच का विशेष अंक भी प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *