अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर बवाल: निगम की टीम और पुलिसकर्मियों को पीटा
लखनऊ। शहर के पारा थाना क्षेत्र स्थित बादल खेड़ा, बुद्धेश्वर इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम और पुलिस पर हमला किया गया। एक दरोगा का गला दबाने की कोशिश की गई। अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक दो महिलाओं समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नगर निगम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दर्ज एफआईआर में हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
आरोप है कि अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। बहस के बाद प्रशासनिक अमले पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। घटना में पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों के घायल होने की बात भी एफआईआर में दर्ज की गई है। पुलिस ने मौके से एक लोहे की जंजीर बरामद कर उसे बतौर सबूत रखा है। इस जंजीर से भी पुलिस पर हमला किया गया था।

