पूर्व विवाद का बदला लेने खुद पर गोली चला लिखा दी झूठी रिपोर्ट,जांच में हुआ खुलासा
एमपी । पूर्व विवाद का बदला लेने युवक ने खुद को गोली मारकर थाने में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। एमपी के सारणी थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है कि विरोधी को फंसाने के लिए उसने खुद को गोली से घायल कर लिया था। इसके बाद उसने पुलिस में घटना की शिकायत की थी। पुलिस ने गहनता से जांच की तो मामले का खुलासा हो गया।
एसडीओपी रोशन जैन के अनुसार 26 मई को फरियादी अरुण कुरारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट में उसने कहा था कि मोहल्ले में रहने वाले दिलीप गुलबाके ने पुरानी रंजिश के चलते पिस्टल चलाकर गोली मार दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दिलीप गुलबाके एम्स अस्पताल भोपाल में मानसिक बीमारी का इलाज कराने 21 मई से ही भर्ती हैं। यह जानकारी मिलने पर फरियादी अरुण कुरारिया से गहनता से पूछताछ की। उसने स्वीकार करते हुए बताया कि 25 मई की देर रात अपने पास रखी रिवॉल्वर चलाने का प्रयास किया, लेकिन यह चली नहीं। इसके बाद उसने सीने के पास पिस्टल लगाकर चलाई तो उसे गोली लग गई और खून निकलने लगा। इस बात से घबराकर उसने अपने विरोधी दिलीप गुलबांके पर पुरानी रंजिश को लेकर गोली चलाने की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

