दो महीने में ही सड़क जर्जर ठेकेदार को भुगतान भी अब कार्रवाई की मांग
भिलाई नगर निगम में विकास कार्यों में कमीशनखोरी और अनियमितताओं के आरोपों के बीच वार्ड 22 कुरूद में 15वें वित्त अनुदान के तहत बनी 78 लाख 30 हजार रुपये की दो सड़कों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य पूरा हुए अभी दो महीने भी नहीं हुए हैं और सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, जिसके बाद महापौर नीरज पाल ने दुर्ग कलेक्टर को पत्र लिखकर ठेकेदार शशांक जैन को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। मामले में जोन कमिश्नर एशा लहरे द्वारा पहले ही ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए पत्र लिखा गया था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान और आगे की प्रक्रिया जारी रही। आरोप है कि समयसीमा पूरी होने से पहले ही ठेकेदार को लाखों रुपये के रनिंग बिलों का भुगतान कर दिया गया, जबकि गुणवत्ता और देरी को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए थे। अब नगर निगम आयुक्त राजीव पांडेय ने भी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश दिए हैं, हालांकि भुगतान के बाद उठे इस कदम पर प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

