जबलपुर में कचरा मैदान में बोरे में मिला गौवंश का शव, इलाके में मचा हड़कंप
शहर के कटंगा स्थित लिटिल वर्ल्ड स्कूल के पास कचरा मैदान में बोरे में बंद मृत गौवंश (बछड़ा) मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिसके बाद स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तुरंत पहुंचा। पुलिस अधिकारी उदय भान ने बताया कि बाउंड्री वॉल के किनारे मिले शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है और प्रारंभिक जांच में यह शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और आरोप लगाया कि त्योहारों के पहले शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश के तहत यह हरकत की गई है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

