माँ पीतांबरा पीठ में कल होगा दुर्लभ श्री रामार्चन महायज्ञ
अमलेश्वर (दुर्ग)। धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र माँ पीतांबरा पीठ में 27 नवंबर 2026 को दुर्लभ एवं परम पवित्र श्री रामार्चन महायज्ञ एवं पूजन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा।
इस पावन आयोजन में परम पूज्य श्री श्री 108 श्री महंत आचार्य राम मनोहर दास जी महाराज एवं महंत श्री राम अनुग्रह दास जी महाराज (छोटे सरकार, अजब धाम, दमोह) का विशेष सानिध्य एवं आशीर्वाद श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
श्री रामार्चन पूजन सनातन धर्म की विशिष्ट एवं दुर्लभ पूजा पद्धतियों में से एक है। इस अनुष्ठान में 42 देवताओं की चार आवरणों में शास्त्रोक्त विधि से पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री रामार्चन महायज्ञ एवं पूजन से भक्तों के मनोरथ पूर्ण होने, जीवन में सुख-समृद्धि एवं शांति की प्राप्ति तथा लोककल्याण की कामना की जाती है। यह अनुष्ठान प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा, समर्पण और भक्ति भाव को प्रगाढ़ करने का विशेष अवसर भी है।
माँ पीतांबरा पीठ परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं सनातन धर्मावलंबियों से इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। पीठ परिवार ने श्रद्धालुओं से संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रभु श्रीराम की कृपा के सहभागी बनने की अपील की है।

