परिक्रमा पथ के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, चक्काजाम से यातायात व्यवस्था प्रभावित
55 करोड़ रुपये की बहुचर्चित परिक्रमा पथ परियोजना के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन से मंगलवार को डोंगरगढ़ में सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रभावित किसानों ने हाईस्कूल चौक पर चक्काजाम कर परियोजना को रद्द करने की मांग की, जिससे खैरागढ़, चिचोला, महाराष्ट्र और राजनांदगांव की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, नवाज खान, कांग्रेस नेता विजयराज सिंह, संध्या देशपाण्डे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस का कहना है कि शहर की प्राथमिक जरूरत बाईपास और बेहतर यातायात व्यवस्था है, जबकि प्रशासन करोड़ों रुपये की परिक्रमा पथ परियोजना को प्राथमिकता दे रहा है। प्रदर्शनकारियों ने परियोजना रद्द करने, बाईपास निर्माण शुरू करने, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और प्रमुख चौकों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग रखी। चक्काजाम के कारण आम लोगों और यात्रियों को परेशानी हुई, जिसके बाद प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर यातायात व्यवस्था संभाली।

