The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

शेफाली बग्गा से लगातार तीसरे दिन ईडी की पूछताछ

Spread the love

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच आगे बढ़ रही है। जांच के सिलसिले में टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा को शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी रायपुर स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एजेंसी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में ईडी ने शेफाली बग्गा से कई घंटों तक पूछताछ की। इस दौरान उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन गतिविधियों, कथित प्रचार सामग्री और वित्तीय लेनदेन से जुड़े बिंदुओं पर सवाल किए गए। अब एजेंसी तीसरे दौर की पूछताछ में पहले दिए गए जवाबों का सत्यापन करने के साथ कुछ नए तथ्यों पर भी जानकारी लेने की तैयारी में है।
जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि विदेश से संचालित बताए जा रहे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार में उनकी किसी प्रकार की भूमिका रही या नहीं। जांच के दौरान सामने आए कुछ डिजिटल इनपुट और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही उनके नाम से जुड़े एक टेलीग्राम चैनल की गतिविधियां भी ईडी के रडार पर हैं।
मामले की जांच में खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संभावित संपर्क भी अहम कड़ी माने जा रहे हैं। ईडी दोनों के बीच कथित संबंधों, डिजिटल कम्युनिकेशन और संभावित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। एजेंसी का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े प्रचार और हवाला तंत्र में किसी प्रकार की भूमिका रही या नहीं। ईडी ने मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पूछताछ पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *