The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

रमन सिंह ने किया ‘सूर्य सभा’ का आयोजन, बताए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के फायदे

Spread the love

राजनांदगाव। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सूर्य सभा’ का आयोजन किया गया। यह सभा विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के आवास पर हुई। कार्यक्रम में सोलर ऊर्जा अपनाने वाले परिवारों और संस्थानों को सम्मानित किया गया।
इन परिवारों और संस्थानों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर बिजली उत्पादन शुरू किया है। इस दौरान सभी हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और हार पहनाकर उनका सम्मान किया गया। रमन सिंह ने कहा कि बिजली की बढ़ती खपत के कारण लोगों के बिल लगातार बढ़ रहे हैं। जबकि सोलर ऊर्जा अपनाने वाले परिवारों के बिजली बिल बेहद कम या कई मामलों में शून्य तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने से उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजनांदगांव को इस योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने एक विशेष घोषणा भी की। नगर के जिन वार्डों में 50 फीसदी से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराने का लक्ष्य पूरा होगा। उन वार्डों के संबंधित पार्षदों को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। ताकि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा से जुड़कर बिजली खर्च में बचत कर सकें। इससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *