The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर दिल्ली में अहम बैठक

Spread the love

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से लंबित महानदी जल विवाद पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी भी मौजूद रहे। इस दौरान तोखन साहू ने कहा कि महानदी जल विवाद का संतुलित, न्यायसंगत और समयबद्ध समाधान दोनों राज्यों के लाखों नागरिकों की जल सुरक्षा, किसानों की आजीविका और क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से अनुरोध किया कि केंद्रीय जल आयोग (CWC) को दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त तकनीकी समिति का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि तकनीकी स्तर पर सार्थक संवाद शुरू हो सके। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जल शक्ति मंत्रालय सभी संबंधित पक्षों के बीच समयबद्ध विचार-विमर्श सुनिश्चित करे, जिससे जल बंटवारे और अन्य संबंधित मुद्दों पर आपसी सहमति से एक व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर उसे जल्द न्यायाधिकरण के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके। तोखन साहू ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों और दोनों राज्यों के सहयोग से इस विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है, जिससे दोनों राज्यों के हित सुरक्षित रहेंगे और महानदी बेसिन के जल संसाधनों का टिकाऊ प्रबंधन सुनिश्चित होगा। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से दूरभाष पर चर्चा की। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बीच इस मुद्दे पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक से महानदी जल विवाद के शीघ्र और संतोषजनक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *