नर्सों को परीक्षा देने से रोकने पर विवाद
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित निजी अस्पताल बॉम्बे हॉस्पिटल इंदौर में नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित तौर पर अन्याय का मामला सामने आया है। यहां नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने जा रही करीब 30 से 35 नर्सों को अस्पताल प्रबंधन द्वारा परीक्षा देने से रोके जाने का आरोप है, जबकि इस परीक्षा का आयोजन 15 मई को होना है और कई नर्सों के परीक्षा केंद्र भोपाल सहित अन्य शहरों में हैं। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें परीक्षा के लिए छुट्टी देने से इनकार कर दिया और नर्स सुपरिटेंडेंट सीबी जॉर्ज की ओर से कथित ऑडियो में यह भी कहा गया कि 15 तारीख को एग्जाम देने जाने वाले स्टाफ पर कोई एडजस्टमेंट या छुट्टी लागू नहीं होगी। इसके साथ ही हॉस्टल में रहने वाली स्टाफ नर्सों को भी 14 और 15 मई को नाइट पास नहीं देने और ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई व हॉस्टल खाली कराने की चेतावनी दिए जाने की बात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद नर्सें डरी और परेशान बताई जा रही हैं, जबकि मामला सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

