तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन को रौंदा, हादसे में 2 सगे भाईयों की मौत

Spread the love

आरा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। जिससे 2 सगे भाईयों की उपचार के लिए ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई जबकि बाइक के पीछे बैठा उनका भतीजा घायल हो गया। घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के ध्यानी टोला स्थित पेट्रोल पंप के पास की है। मृतकों में आयर थाना क्षेत्र के सिहार गांव निवासी बसावन यादव के 62 वर्षीय पुत्र सुधा यादव और 45 वर्षीय पुत्र राजेश्वर सिंह शामिल थे।वहीं घायल भतीजा विजेश कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना गुरुवार सुबह की है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। जख्मी विजेश कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह अपने दोनों चाचा के साथ बाइक से बाल्टी में छेना लेकर बेचने के लिए गड़हनी बाजार गया था। लौटने के दौरान उसके चाचा राजेश्वर सिंह बाइक चला रहे थे। जैसे ही तीनों ध्यानी टोला स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने रौंद दिया।
विजेश ने कहा कि हादसे के बाद सबको आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही सुधा यादव और राजेश्वर सिंह की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। मौके पर स्थानीय थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.