The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

नक्सलियों का डंप हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद

Spread the love

कांकेर। नक्सल प्रभावित रहे कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के हथियार एवं विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। संयुक्त सर्चिग अभियान के दौरान जंगल से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है। सुरक्षा कारणों से विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में जवानों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लगातार डंप ढूंढने की कार्रवाई जारी है। सुरक्षाबलों द्वारा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 40 से ज्यादा नक्सल डंप बरामद किया गया है।
कांकेर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कांकेर पुलिस, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) एवं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान के तहत कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के गटटाकाल-दरवीकोड़ो के घने जंगल में सर्चिग कर रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया गया। सुरक्षाबलों ने बरामद डंप से एक यूबीजीएल (अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर), एक देशी कट्टा, दो यूबीजीएल सेल, दो एके-47 राउंड, 14 नग 303 राइफल राउंड, 99 नग एसएलआर राउंड, 21 नग आठ एमएम राउंड, 23 नग नौ एमएम पिस्टल राउंड, दो एके-47 मैगजीन, एक एसएलआर मैगजीन, 10 नग बीजीएल सेल, 10 नग बीजीएल राउंड, 20 नग डेटोनेटर, 10 किलोग्राम बारूद, एक दूरबीन सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की। बरामद विस्फोटक सामग्री को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीजीएल सेल, डेटोनेटर एवं बारूद को मौके पर ही निष्क्रिय कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *