The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

MY Bharat रायपुर के द्वारा दुर्गा कॉलेज रायपुर में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद 2026-27, युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार

Spread the love

रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल MY Bharat (मेरा युवा भारत) के तत्वावधान में आज दुर्गा कॉलेज, रायपुर में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार द्वारा दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में सुनीता चौन्सरिया का विशेष सहयोग रहा। साथ ही दुर्गा कॉलेज की MY Bharat नोडल अधिकारी डॉ. सुचित्रा राठी का भी महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. सुभाष चंद्राकर, डॉ. अमन झा, डॉ. ज्ञानेश शंकर पांडे, डॉ. गणेश शंकर पांडे, दिव्या वर्मा एवं डॉ. मधु अग्रवाल उपस्थित रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप अभिव्यक्ति का मूल्यांकन किया गया।

युवा संसद में प्रतिभागियों ने अपने विचारों और वक्तव्यों के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के संकल्प में युवाओं के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संसद की कार्यप्रणाली, स्वस्थ बहस, असहमति के सम्मान तथा लोकतांत्रिक संवाद की संस्कृति को समझने का अवसर मिला।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सोमेश्वर ने प्रथम स्थान, अन्वेषा गुप्ता ने द्वितीय स्थान तथा अंजलि नियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश के विकास में अपनी रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को अपने विचारों, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

MY Bharat के माध्यम से आयोजित विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच ही नहीं देते, बल्कि उन्हें देश की नीतियों, चुनौतियों एवं विकास की दिशा पर गंभीरता से सोचने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor

Leave a Reply