The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhMISC

फसल को लावारिस मवेशियों से बचाने की मांग : माकपा करेगी 22 को बांकी मोंगरा जोन कार्यालय का घेराव….

Spread the love

कोरबा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने किसानों की फसल को लावारिस मवेशियों से हो रहे नुकसान की गंभीर समस्या को लेकर आज कोरबा नगर निगम के आयुक्त के नाम से बांकी मोंगरा जोन कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। माकपा जिला सचिव प्रशांत झा तथा मोंगरा वार्ड की माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ किसान सभा के अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर तथा बलराज बिंझवार, छोटू, मोंगरा के किसान समारू बिंझवार, बरातू यादव, देवचरण, शोभित राम, प्रीतम यादव आदि ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर ने कहा कि लावारिस मवेशियों के कारण फसलों की नुकसानी, सड़को में हादसे और ग्रामीणों के बीच तनाव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है और किसानों के एक मात्र आय का साधन खेती-किसानी भी लावारिस मवेशियों के कारण बर्बाद हो रहा है। निगम के जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से भागते नजर आ रहे हैं। अधिकारी लावारिस मवेशियों की उचित व्यवस्था करने के बजाए बहाना बना रहे हैं, जबकि छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए ही रोका छेका और गौठान जैसी योजना बनाई है, लेकिन कोरबा नगर निगम की लापरवाही के कारण निगम क्षेत्र के किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर तत्काल लावारिस मवेशियों का उचित व्यवस्था और समाधान नहीं होगा, तो 22 सितंबर को लावारिस मवेशियों से परेशान किसानो के साथ मिलकर वार्ड और आस पास के लावारिस मवेशियों को जोन कार्यालय में बंद कर बांकी नगर निगम जोन कार्यालय का माकपा घेराव करेगी ।

‘बीएन यादव की रिपोर्ट”

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor