भिलाई स्टील प्लांट में फिर हुआ हादसा,पिघला हुआ लोहा सिफ्ट करने के दौरान हुआ ब्लास्ट तीन कर्मचारी झुलसे
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में एक बार फिर कनवर्ट 3 में ब्लास्ट हुआ है। इस हादसे में काम कर रहे कर्मचारियों के उपर पिघले हुए लोहा के छीटे गिरने से एक बीएसपी कर्मी और दो ठेका कर्मचारी झुलस गए। उपचार के लिए तीनों को सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात 2.45 बजे भिलाई इस्पात संयंत्र के SMS-2 में काम चल रहा था। यहां कनवर्ट – 3 में पिघले हुए लोहे को शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान वहां अचानक ब्लास्ट हो गया। इससे पिघले हुए लोहे के छींटे काफी दूर तक गिरे। इस दौरान वहां काम कर रहे मानसिंह ठाकुर और ठेका कर्मचारी गिरि कुमार और भूषण लाल के ऊपर भी लोहे के छीटे पड़े,जिससे वो बुरी तरह से झुलस गए। काम कर रहे अन्य लोगों के मदद से तुरंत जख्मी हालत में तीनों को मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां तीनों का इलाज बर्न वार्ड में चल रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी 15-20 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। घटना के बाद बीएसपी प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। SMS-2 में हुई घटना की जांच का आदेश दे दिया गया है। यह घटना क्यों और कैसे हुई इसका पता लगाने में बीएसपी के अधिकारी जुटे हुए हैं। दो दिन पहले ही ब्लास्ट फर्नेस-7 के एसजीपी में भी बड़ा हादसा हुआ था। यहां अचानक आग लग जाने से काम कर रहे दो कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए थे। इसमें एक ठेका मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 90 प्रतिशत झुलसे दूसरे मजदूर परमेश्वर का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज चल रहा है।