The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Chhattisgarh

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम को बेहतर बनाएं: नरेन्द्र कुमार दुग्गा

Spread the love

रायपुर। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विभाग के नवनियुक्त सचिव सह आयुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने आज कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यभार संभालते ही वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिलों में पदस्थ सहायक आयुक्तों एवं परियोजना प्रशासकों को कामकाज में तेजी और कसावट लाने के निर्देश दिए। सचिव श्री दुग्गा ने कहा कि छात्रावास-आश्रमों में सभी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए। छात्रावास-आश्रमों में शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम शत् प्रतिशत होना चाहिए। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कक्षा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम बेहतर करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम करें। परीक्षा परिणाम संतोषजनक ना होने पर संबंधित सहायक आयुक्त पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने छात्रावास-आश्रमों में पदस्थ प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अधीक्षकों को बच्चों की पढ़ाई-खिलाई को प्राथमिकता में लेने के निर्देश दिए। श्री दुग्गा ने छात्रावास-आश्रमों में साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन एवं पढ़ाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सचिव श्री दुग्गा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कहा कि प्रयास एवं एकलव्य विद्यालयों के बच्चों का आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी, इंजीनियरिंग, एमबीबीएस आदि परीक्षाओं में परीक्षा परिणाम और भी बेहतर हो, इस दिशा में आवश्यक सुधार किए जाने के निर्देश दिए गए। बच्चों की रूचि के अनुसार उन्हें बेहतर कॅरियर चुनने हेतु काउंसलिग की व्यवस्था कराई जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दुग्गा ने देवगुड़ी सहित अन्य विभागीय योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी ली और सभी अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor