ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी से सपा नेता पर FIR की मांग, चेतावनी
मध्यप्रदेश सवर्ण अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन ने समाजवादी प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनकी गिरफ्तारी और एफआईआर की मांग की है। संगठन का आरोप है कि राजकुमार भाटी ने उत्तर प्रदेश में एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में संगठन ने मध्यप्रदेश के पन्ना, छतरपुर, सतना और दमोह जिलों के एसपी और कलेक्टरों को आवेदन सौंपा है, जबकि सागर आईजी और संभागायुक्त को भी ज्ञापन दिया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। विवाद उस बयान को लेकर बढ़ा है जिसमें राजकुमार भाटी ने कहा था— “ब्राह्मण भला न वेश्या, इनमें भला न कोय, और कोई-कोई वेश्या तो भली, ब्राह्मण भला न कोय।” वहीं, अलग मामले में ट्विशा शर्मा केस को लेकर भोपाल कमिश्नर ने कहा है कि जांच निष्पक्ष तरीके से जारी है और आरोपी पति समर्थ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

