इटारसी, शौर्य संकल्प प्रशिक्षण शिविर में फूड पॉयजनिंग से 5 छात्र गंभीर
इटारसी में मध्य प्रदेश सरकार की शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत चल रहे OBC युवाओं के 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में लापरवाही का मामला सामने आया है। रविवार रात भोजन करने के कुछ समय बाद पांच छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसमें उल्टी, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत शामिल थी। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती करना पड़ा। जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण शिविर शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय में संचालित किया जा रहा है, जहां सेना, पुलिस, होमगार्ड और पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से शिविर में घटिया और खराब भोजन परोसा जा रहा था, जिसकी शिकायत छात्रों ने पहले भी की थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। प्रभावित छात्रों में रीतेश यादव, विवेक गौर, रोहित यादव, विवेक केवट और जतिन पटवा शामिल हैं। सभी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फूड पॉयजनिंग के लक्षण बताए। चार छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र का इलाज अभी भी जारी है।

