बकरीद पर खंडवा में 200 बदमाश गिरफ्तार, 500 पुलिसकर्मी तैनात
खंडवा में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लगातार कॉम्बिंग गश्त और कार्रवाई करते हुए करीब 200 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो लोगों को जिला बदर भी किया गया है। त्योहार के दौरान शहर और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 450 से 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें पुलिस के साथ होमगार्ड और वन विभाग की टीमें भी सहयोग करेंगी। अतिरिक्त मोबाइल वैन के जरिए शहर में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी और मंदिर-मस्जिद सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस जवान गली-मोहल्लों में गश्त कर रहे हैं, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रख रही है। एसपी अगम जैन के अनुसार आमजन के बीच संवाद कर शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने की कोशिश की जा रही है, साथ ही गुंडे-बदमाशों की थानों में परेड भी कराई जा रही है।

