फर्जी दस्तावेज से जमीन बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उज्जैन की माधवनगर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और नकली पहचान पत्रों के जरिए जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार फरियादी रविंद्र सिंह और उनके भतीजे को कृषि भूमि के मुआवजे के बाद निवेश के नाम पर ग्राम सलामता में खसरा नंबर 256/2 की जमीन दिखाई गई थी। आरोपियों ने रजिस्ट्रार कार्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति को असली भू-स्वामी ‘दिलीप सिंह’ बताकर फर्जी पहचान पत्र के जरिए झांसा दिया और कुल 1 करोड़ 39 लाख 19 हजार 200 रुपये में जमीन का सौदा तय कर अनुबंध कर लिया। इस दौरान पीड़ितों से फोन-पे, नकद और चेक के माध्यम से करीब 35 लाख 95 हजार रुपये की राशि ठगी कर ली गई, जिसका खुलासा तब हुआ जब फरियादी मौके पर पहुंचे और वास्तविक मालिक ने किसी भी प्रकार के सौदे से इनकार कर दिया। मामले की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर विक्रम नगर ब्रिज के पास घेराबंदी कर बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार से जा रहे आरोपी मंगल सिंह और खुद को ‘दिलीप सिंह’ बताने वाले भैरूसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, मोबाइल और फर्जी दस्तावेज जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

