The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

सिर कुचलकर और गला रेतकर सक्ती में बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या

Spread the love

सक्ती। मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस में एक बुजुर्ग दंपत्ति की अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात में पुरुषोत्तम खूंटे (65) और उनकी पत्नी गुहरीन बाई खूंटे (60) की अज्ञात बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सुबह जब आसपास के लोगों को घर के भीतर कुछ अनहोनी होने की आशंका हुई तो उन्होंने घर जाकर देखा। अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था और उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। वहीं पुरुषोत्तम खूंटे का गला कटा हुआ मिला तथा उसका चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। हत्या की वारदात जिस बर्बरता से अंजाम दी गई है, उसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल सहित कई थाना प्रभारियों की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश, जमीन विवाद, आर्थिक लेन-देन समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। जल्द ही आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *