The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य पूर्ण करने वाला बस्तर संभाग का नारायणपुर पहला जिला बना

Spread the love

नारायणपुर। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत नारायणपुर जिला स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य पूर्ण करने वाला बस्तर संभाग का पहला जिला बन गया है। जिले में निर्धारित 1 लाख 58 हजार 303 लोगों के लक्ष्य के तहत 1 लाख 58 हजार 651 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जो लक्ष्य का 100.22 प्रतिशत है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने मिशन मोड में काम करते हुए गांव-गांव पहुंचकर शिविर लगाए। स्वास्थ्य कर्मी घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और दूरस्थ बसाहटों तक पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा चौपालों और हाट-बाजारों में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
अभियान की निगरानी डिजिटल तकनीक और रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए की गई। जांच के दौरान मलेरिया, टीबी, कुष्ठ रोग और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों के संभावित मरीजों की पहचान की गई। संदिग्ध मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं गंभीर स्थिति वाले 905 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।
नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले के संयुक्त प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। अबूझमाड़ के दुर्गम वनांचल और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर स्वास्थ्य टीमों ने लोगों की जांच की। उन्हाेने कहा कि, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नारायणपुर की यह उपलब्धि न केवल बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *