मालवा में कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान तेज, रतलाम-उज्जैन में कार्यकर्ताओं को देंगे प्रशिक्षण
मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी गुरुवार को मालवा अंचल के रतलाम और उज्जैन जिलों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में शामिल होकर संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क से जुड़ी रणनीतियों पर मार्गदर्शन देंगे। सबसे पहले रतलाम में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं को संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के गुर सिखाए जाएंगे। इसके बाद दोनों नेता उज्जैन पहुंचेंगे, जहां शाम 4 बजे ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों और नगर अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। इस बैठक में जीतू पटवारी जमीनी स्तर के पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

