धमतरी बनेगा राज्य का पहला मॉडल कार्बन कृषि जिला
धमतरी। धमतरी छत्तीसगढ़ का पहला मॉडल कार्बन कृषि जिला बनने जा रहा है। जिला प्रशासन और प्रिथु (PRITHU) संस्था के बीच हुए एमओयू के तहत किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की है।
परियोजना के तहत जिले में 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मृदा कार्बन संवर्धन और 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में AWD तकनीक आधारित धान उत्पादन कार्यक्रम चलाया जाएगा। संस्था अगले तीन वर्षों में 5 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, इससे किसानों के प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार को बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार इन परियोजनाओं से जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादकता में सुधार होगा। साथ ही कार्बन क्रेडिट के माध्यम से किसानों को भविष्य में लगभग 250 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त आय मिलने की संभावना जताई गई है। जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल धमतरी को जलवायु अनुकूल कृषि और किसान समृद्धि का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

