अवैध रेत तस्करी बनी मौत का कारण कोरबा में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत; दो घायल
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से रेत लेकर लौट रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ग्राम जर्वे के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अमित कुमार सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का काम जारी है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

