The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

बारिश से किसानों को मिली राहत, प्रशासन मुस्तैद: डिप्टी सीएम साव

Spread the love

रायपुर। बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पर कांग्रेस के आरोप पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस उसे भी नहीं पचा पा रही। बारिश होने पर कुछ स्थानों पर जलभराव भी होगा। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है, और जलभराव की स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
डिप्टी सीएम साव ने चिंतन शिविर को लेकर कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, भारत सरकार के अधिकारियों, नीति आयोग के प्रतिनिधियों और समाज के कई महत्वपूर्ण लोगों का मार्गदर्शन मिला। इससे सरकार के नीति निर्धारण में बड़ा लाभ होगा। शासन प्रणाली कैसी होनी चाहिए। योजनाएं कैसे बनाई जाएं और प्रशासन को किस दिशा में काम करना चाहिए। इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती पर दो दिनों तक मंथन हुआ। इससे कम लागत में बेहतर खेती और रासायनिक खेती के नुकसान को समझने का अवसर मिला। पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की अर्थव्यवस्था में उसके योगदान पर भी चर्चा हुई मंत्रियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं। इसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा। .
X पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति यही है कि सत्ता में रहते समय वह भ्रष्टाचार में व्यस्त रहती है। और सत्ता से बाहर होने पर दूसरी बातें याद आती हैं। हमारी सरकार जनहित और राष्ट्रहित में काम कर रही है। ऐसे कार्य कांग्रेस की सोच से बहुत दूर हैं, इसलिए वह केवल आलोचना करती है।
जल जीवन मिशन का भुगतान नहीं होने पर ठेकेदारों के एक दिवसीय हड़ताल पर जाने पर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य मद से भी राशि देकर ठेकेदारों का भुगतान किया है। भारत सरकार की नई व्यवस्था के तहत भी भुगतान की प्रक्रिया जारी है। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। बड़े पैमाने पर भुगतान किया जा चुका है। और जिन ठेकेदारों के काम पूरे हो चुके हैं, उन्हें भुगतान करने की प्रक्रिया और तेज हो गई है।
नए मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को पहले यह बताना चाहिए कि अपने पांच साल के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं बन पाए? उन्होंने केवल श्रेय लेने का काम किया। यदि 2021 में शिलान्यास हुआ था तो निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ?
वीबी जीरामजी योजना को लेकर कांग्रेस के सवाल पर साव ने कहा कि कांग्रेस पहले यह तय करे कि वह इस योजना के पक्ष में है या विरोध में। यह मजदूरों के हित, रोजगार सृजन और पंचायतों को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण योजना है। कांग्रेस ने पहले इसका विरोध किया था।
विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *