पैसों के विवाद में नशे में नाती ने नाना-नानी पर किया तवे से हमला, दोनों गंभीर
बेमेतरा। परपोड़ी थाने के गाड़ाडीह गांव में पैसों के विवाद में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही नाना-नानी पर तवे से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में नानी के सिर पर गंभीर चोट लगी कि खोपड़ी तक दिखाई देने लगी, जबकि नाना भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले परपोड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजधानी के मेकाहारा रेफर किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि घटना 6 जुलाई की रात 8 बजे की है। गाड़ाडीह निवासी धनीराम मारकण्डे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भांजा अनिल बारले शराब के नशे में घर पहुंचा और खर्च के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर वह गुस्सा गया और घर में रखा लोहे का तवा उठाकर नाना तुलसीराम मारकण्डे और नानी शांति बाई मारकण्डे के सिर पर वार कर दिया। शांति बाई को गंभीर चोट के कारण सिर की हड्डी तक दिखाई देने लगी। इस घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान एसएफएल टीम की भी मदद ली गई।
पूछताछ में आरोपी अनिल बारले (26) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि खर्च के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में उसने दोनों की हत्या करने की नीयत से तवे से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश कर दिया।

