The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

गंभीर मरीज के लिए बना ग्रीन कॉरिडोर एयर एंबुलेंस से भेजा हैदराबाद

Spread the love

बिलासपुर। गंभीर मरीज को एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने बीते दिनों विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। पुलिस व्यवस्था और आम नागरिकों के सहयोग से एंबुलेंस को बिना किसी यातायात बाधा के चकरभाठा एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। जहां से मरीज को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद के यशोदा अस्पताल भेजा गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने विशेष व्यवस्था की थी। मरीज के परिजनों के निवेदन और उसकी नाजुक हालत को देखते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे निर्धारित मार्ग के ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, ताकि एंबुलेंस को कहीं भी रुकना न पड़े। यातायात पुलिस के जवान भारी बारिश के बीच भी चौक-चौराहों पर डटे रहे और पूरे सड़क मार्ग पर यातायात को नियंत्रित करते हुए एंबुलेंस को सुरक्षित व जल्द एयरपोर्ट तक पहुंचाया। इस दौरान डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की टीम भी मरीज के साथ मौजूद थी ।
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के अनुसार, 54 वर्षीय मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया (बाइलेटरल निमोनिया), एच1 एन1 संक्रमण, श्वसन विफलता (रेस्पिरेटरी फेल्योर) और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है। मरीज को वर्तमान में नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन (एनआईवी) सपोर्ट पर रखा गया है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस के माध्यम से हैदराबाद के यशोदा अस्पताल रेफर किया गया। गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब बिलासपुर में ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया हो। इससे पहले भी पुलिस ने दो जुड़वा नवजात शिशुओं को एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद पहुंचाने के लिए इसी तरह की व्यवस्था की थी, जिससे उनका सफल इलाज संभव हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *