डोंगरगढ़ की क्रॉस पहाड़ी में भालू का एक जोड़ा पत्थरों के बीच विचरण करते दिखा
राजनांदगांव। डोंगरगढ़-खैरागढ़ स्थित क्रॉस पहाड़ी में दो दिन पहले भालू का एक जोड़ा पत्थरों के बीच विचरण करते नजर आया। बताया जा रहा है कि जोड़े ने पिछले कुछ दिनों से पहाड़ पर अस्थाई रूप से अपना ठिकाना बना लिया है। इस संबंध में वन एसडीओ पूर्णिमा राजपूत ने बताया कि दो दिन पहले भालू पहाड़ में नजर आए हैं। मैदानी अमला सुरक्षा के अलावा अन्य तरह से दोनों पर नजर रखे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़-खैरागढ़ स्थित क्रॉस पहाड़ी में भालू के जोड़े को खुलेतौर पर घूमते हुए देखे जाने के बाद वन अधिकारियों ने पहाड़ पर एहतियात बरतते हुए सुरक्षा संबंधी उपाय किए हैं। लोगों को पहाड़ के समीप नहीं जाने की सलाह दी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि पानी की तलाश में भालू पहाड़ से नीचे उतर सकते हैं। इस दौरान वह हिंसक होकर किसी पर भी हमला कर सकते हैं। क्रॉस पहाड़ी के ठीक पीछे स्थित घने जंगल से संभवत: जोड़े के आने की आशंका है। जोड़े की घूमते हुए कुछ तस्वीरें भी वन महकमे को मिली है। सोशल मीडिया में भी इस तस्वीर को वायरल किया गया है। बहरहाल भालू के जोड़े की सुरक्षा पर वन विभाग की विशेष नजर है।

