नेकी कर फाउंडेशन की अनूठी पहल, रक्तदान कर निभाई सच्ची दोस्ती
रायपुर। दोस्ती केवल साथ निभाने का नाम नहीं, बल्कि ज़रूरत के समय किसी की ज़िंदगी बचाने का संकल्प भी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से रायपुर की सामाजिक संस्था नेकी कर फाउंडेशन द्वारा दोस्ती दिवस के अवसर पर “एक रक्तदान, देश के नाम” थीम के साथ विशाल रक्तदान शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना तथा रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर कर इसके स्वास्थ्य एवं सामाजिक महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने नागरिकों को बताया कि एक यूनिट रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।
इस सेवा अभियान में संस्था के 20 से अधिक स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि 40 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर मानवता और सच्ची दोस्ती की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं के उत्साह ने यह साबित किया कि समाज में आज भी सेवा और संवेदनशीलता की भावना जीवित है।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख ने कहा, “दोस्ती केवल सोशल मीडिया पर संदेशों और पोस्ट तक सीमित नहीं होनी चाहिए। सच्चा दोस्त वही है जो ज़रूरत पड़ने पर अपने दोस्त या किसी भी ज़रूरतमंद के लिए अपना रक्त देकर उसका जीवन बचाने का साहस रखता है। रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, और इससे बड़ा दोस्ती का उपहार कोई नहीं हो सकता।”
कार्यक्रम का समापन सभी रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के सम्मान के साथ हुआ। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

