The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

अभिषेक का 10 मिनट में बना राशन कार्ड

Spread the love

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने और उन्हें अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रियाओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगाए जा रहे समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम मलगवां निवासी अभिषेक यादव इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं, जिनका राशन कार्ड मात्र 10 मिनट में बनाकर उन्हें सौंप दिया गया।
अभिषेक यादव लंबे समय से राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रयासरत थे। राशन कार्ड नहीं होने के कारण उनका परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न और अन्य सुविधाओं से वंचित था। कई बार प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गांव में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में अभिषेक यादव ने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया और महज 10 मिनट के भीतर राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूर्ण कर दी। साथ ही उनके बच्चे का नाम भी राशन कार्ड में दर्ज कर दिया गया।
राशन कार्ड प्राप्त होने के बाद अभिषेक यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित उनकी समस्या का समाधान इतनी तेजी से होगा, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को नियमित रूप से खाद्यान्न का लाभ मिलेगा और राशन कार्ड से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी नहीं रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के कारण आम लोगों को बिना भटके उनकी समस्याओं का समाधान मिल रहा है। राज्य सरकार की सुशासन तिहार पहल शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने का सशक्त माध्यम बन रही है। समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर रहा है। अभिषेक यादव जैसे अनेक हितग्राहियों की संतुष्टि इस अभियान की सफलता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *