आप पर बोले भूपेश बघेल, लेकिन बीजेपी पर खामोशी क्यों?: उत्तम जायसवाल
रायपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अब भाजपा की “टीम-B” की भूमिका निभाती नजर आ रही है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है, लेकिन कांग्रेस जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर खामोश है।
दलबदल के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि भूपेश बघेल आम आदमी पार्टी पर तो हमला बोल रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की भूमिका पर पूरी तरह खामोश हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को भाजपा की “बी टीम” बताना कांग्रेस की राजनीतिक बेचैनी और जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने की रणनीति को दर्शाता है।
जायसवाल ने सवाल किया, “यदि भूपेश बघेल आम आदमी पार्टी पर इतना बड़ा आरोप लगा रहे हैं, तो उन्हें भाजपा की भूमिका पर भी स्पष्ट बोलना चाहिए। आप पर आरोप लगाने में कांग्रेस इतनी तत्परता दिखाती है, लेकिन BJP के खिलाफ उसकी आवाज कमजोर क्यों पड़ जाती है?”
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और आदिवासी क्षेत्रों से जुड़े सवालों पर जवाब चाहती है। लेकिन कांग्रेस इन मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने के बजाय आम आदमी पार्टी को निशाना बना रही है। यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस वास्तविक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल हो चुकी है।
जायसवाल ने कहा कि यदि कांग्रेस सचमुच भाजपा के खिलाफ लड़ रही है, तो उसे भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनता की परेशानियों पर मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। लेकिन कांग्रेस की चुप्पी इस बात का संकेत है कि वह भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुँचाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी देश में ईमानदार और काम की राजनीति का मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। दिल्ली और पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और पारदर्शी शासन के मॉडल ने जनता का भरोसा जीता है। यही कारण है कि पारंपरिक राजनीति करने वाली पार्टियाँ AAP की बढ़ती स्वीकार्यता से असहज हैं।
जायसवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में जनता के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी सेवा, पारदर्शिता और व्यवस्था परिवर्तन की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है। जनता अब समझ चुकी है कि कौन सच में जनहित की लड़ाई लड़ रहा है और कौन केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में जनता के मुद्दों को दबा रहा है।

