विधानसभा घेरने निकले बीजेपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमाझटकी, पूर्व मंत्री सहित 500 गिरफ्तार

Spread the love

रायपुर । प्रदेश में अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर बीजेपी आक्रमक हो गई है। भाजपा नेता सदन से लेकर सड़क तक भूपेश बघेल सरकार पर हमलावर है। भाजपा विधायक विधानसभा में सरकार को घेर रही है वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करने निकले। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने पूर्व मंत्री राजेश मूणत सहित 500 से ज्यादा भाजपाइयों को गिरफ्तार किया है। विधानसभा मार्ग पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क पर सियासी हंगामा करते भी देखे गए।
मंगलवार को दोपहर में भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पंडरी मेन रोड में एकत्रित हुए। प्रदेश में अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर विरोध जताने विधानसभा घेराव करने निकले थे। पुलिस ने सड़क पर पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। भाजपा नेता विधानसभा का घेराव करने आगे बढ़े, तभी पुलिस ने सभी को रोक लिया। धक्का-मुक्की करते 10 से 12 फीट ऊंचे बैरिकेड को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं तोडने का प्रयास करते रहे। भाजपाई बैरिकेड पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई। महिला पुलिस ने महिलाओं व युवतों को आगे बढ़ने से रोका।
सड़क पर विधायक बृजमोहन अग्रवाल भी नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने विधानसभा सत्र में जाने की बात कही। इधर पूर्व मंत्री राजेश मूणत नारेबाजी करते हुए समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने भाजपाइयों को हटने के लिए कहा, लेकिन कोई नहीं हटा। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री राजेश मूणत को पुलिस ने उठाकर बस के अंदर ठूंस दिया। विधानसभा घेराव करने निकले 500 से ज्यादा भाजपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.