The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Spread the love

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ ही भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें। खराब मौसम से प्रभावित इलाकों में परिवहन और बिजली आपूर्ति में रुकावट की संभावना को देखते हुए निवासियों को भी सावधान किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट:
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कभी अचानक बादल छाने, बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 19 जुलाई के लिए एक बार फिर गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा, लेकिन दोपहर बाद बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसी वजह से मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वहीं 19 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि इस दिन भी गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन दोपहर और शाम के समय मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। इसलिए मौसम विभाग ने गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

राहत की बात यह है कि 20 से 23 जुलाई तक मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से साफ है कि अगले पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बीच-बीच में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण मौसम तेजी से बदल सकता है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्थित मौसम केंद्र ने 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। यह अलर्ट इसलिए जारी किया गया है, क्योंकि आज से दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ-साथ इस इलाके में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे पूरे राज्य में व्यापक बारिश होगी।

शनिवार को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस बीच, आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर के लिए भी चेतावनी जारी की है। इसमें अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के साथ-साथ अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को शनिवार रात, रविवार सुबह और 20 से 22 जुलाई के बीच खास सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान मौसम के हालात काफी खराब रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *