तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक मारी टक्कर युवक की मौत,चालक फरार
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र में चलती बाइक व चार पहिया वाहन में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते बाइक जलकर खाक हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार रायपुर जिले के धरसीवां में रहने वाला रिंकू विश्वकर्मा 30 नवंबर की सुबह अपने रिश्तेदारी में जांजगीर-चांपा जिले के अमोरा गया था। वहां से शाम को वापस धरसीवां जाने के लिए निकला था। अभी बाइक सवार रिंकू मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पेंड्री के पास पहुंचा था। तभी किसी चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार रिंकू गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोंटे आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल भेज दिया। फिर रिंकू के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी चालक व वाहन की जानकारी जुटा रही है।

