The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhCrime

आधी रात रेत माफियाओं पर कार्रवाई, 14 हाइवा जब्त

Spread the love

महानदी से अवैध रेत खनन और तस्करी के खिलाफ रायपुर खनिज विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई रायपुर कलेक्टर के सख्त निर्देश और खनिज विभाग के उप संचालक राजेश मालवे के नेतृत्व में आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर ग्राम रानीसागर के पास आधी रात को की गई नाकेबंदी के दौरान हुई। खनिज विभाग को लंबे समय से क्षेत्र में रात के समय बड़े पैमाने पर रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर वाहनों को रोका। जांच के दौरान वाहन चालकों के पास रॉयल्टी रसीद और पीटपास जैसे कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद सभी वाहनों को खरोरा थाना परिसर में जब्त कर लिया गया। विभाग अब इन वाहन मालिकों और अवैध कारोबारियों पर खनिज अधिनियम के तहत सख्त जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। पिछले 15 दिनों से चल रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत विभाग लगातार नदियों के प्रतिबंधित क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और अवैध भंडारण स्थलों पर कार्रवाई कर रहा है, जिससे रेत माफिया नेटवर्क पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *