The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई

Spread the love

कवर्धा। सहसपुर लोहारा थाने में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि पति के अत्यधिक शराब सेवन और आए दिन होने वाले घरेलू विवाद से तंग आकर उन्होंने मिलकर हत्या की साजिश रची और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह 7:30 बजे ग्राम बासिनझोरी निवासी महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास मिला था। मृतक के चेहरे, सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोट के निशान थे। साथ ही कमर के नीचे शव को घसीटे जाने के स्पष्ट संकेत भी मिले। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण किया और रक्तरंजित पत्थर सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू 35 से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि 25 जुलाई को वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से पति के पास ग्राम बासिनझोरी गई थी। रात में पति ने शराब के नशे में विवाद किया। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी उसने दोबारा शराब पीकर झगड़ा शुरू कर दिया। लगातार विवाद से परेशान होकर नीता ने अपने चचेरे भाई की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हो। इसके बाद दोनों स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए। हालांकि पुलिस की जांच में उनकी कहानी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, एक्टिवा स्कूटी, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *