Tuesday, November 17, 2026

The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

3 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित, विधायक भावना पहुंची सब स्टेशन

Spread the love

कवर्धा। पंडरिया के ग्राम रामपुर (ठाठापुर) स्थित बिजली सब स्टेशन का भाजपा विधायक भावना बोहरा ने अचानक निरीक्षण किया। पिछले तीन दिनों से बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित थी। लगातार ब्लैकआउट से किसान और ग्रामीण परेशान थे।
ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक सीधे सब स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने जूनियर इंजीनियर (जेई) से बिजली आपूर्ति बाधित रहने और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जवाब मांगा। विधायक ने कहा कि विभाग की कार्यशैली में सुधार नहीं दिख रहा है, इससे लोगों में आक्रोश है।
इस दौरान विधायक ने बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात भी की। उन्होंने बताया कि संबंधित जेई के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही हैं। ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है। किसानों से बिजली संबंधी कार्यों के एवज में रुपये लेने जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आई हैं।
उन्होंने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि संबंधित जेई को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय अटैच किया जा रहा है। इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि किसानों और आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बारिश के मौसम में लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने विभाग को जल्द से जल्द सभी प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor