स्टेशन मरोदा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.12 ग्राम नशीली टेबलेट जब्त
दुर्ग पुलिस ने अवैध नशीली टेबलेट की बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के स्टेशन मरोदा क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने घर के सामने शिवपारा शीतला तालाब के पास लंबे समय से नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री कर रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद नेवई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13 पत्तियां ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की, कुल वजन 16.12 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 52,000 रुपये की नशीली टेबलेट बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी सुजल सिंह (22 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
