20 ट्रेनों की जाँच में 644 पकड़ाए, 4 लाख 13 हजार का वसूला जुर्माना
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा वैध टिकट लेकर यात्रा करने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ रेलवे राजस्व में वृद्धि एवं अधिकृत टिकटधारी यात्रियों को बेहतर यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अभियान के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी एस चौहान के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई एवं आरपीएफ स्टाफ भी शामिल थे।
इस विशेष जांच अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन एवं यहाँ से गुजरने वाली 20 ट्रेनों की सघन जांच कर कुल 644 मामलों से कुल 4,13,970 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 380 मामलों से 02 लाख 87 हजार 515 रुपये, अनियमित टिकट के 245 मामलों से 01 लाख 24 हजार 555 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 19 मामलों से 01 हजार 900 रुपये जुर्माना शामिल है।

