Sunday, November 8, 2026
Latest:

The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

NationalMISC

सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर पीएम ने दिया जोर

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित DGP-IG कॉन्फ्रेंस के पहले दिन देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों ने आंतरिक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा की। इस उच्च-स्तरीय सम्मेलन में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। पीएम मोदी ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा रणनीतियों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और उभरते खतरों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विचार-विमर्श किया।
पहले दिन के सत्र में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया। इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले थानों को 70 से अधिक पैरामीटर्स के आधार पर चयनित किया गया था, जिसमें अपराध नियंत्रण, नागरिक सेवा, तकनीकी उपयोग, पारदर्शिता और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे मानक शामिल थे।
इस अवसर पर दिल्ली के गाजीपुर थाने को देश का बेस्ट पुलिस स्टेशन घोषित किया गया। वहीं अंडमान-निकोबार के पहरगांव थाना को दूसरा स्थान और कर्नाटक के रायचूर जिले के कवितला थाना को तीसरा स्थान मिला। इन थानों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और जनता में विश्वास बढ़ाने के लिए विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर सुरक्षा तंत्र के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, रॉ चीफ पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका शामिल थे। इन अधिकारियों ने देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर अपने विचार साझा किए।
सूत्रों के अनुसार आगामी सत्रों में साइबर सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, ड्रग ट्रैफिकिंग नियंत्रण, सीमा सुरक्षा तथा शहरी अपराधों से निपटने के नए मॉडल पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। रायपुर में आयोजित यह कॉन्फ्रेंस देश की सुरक्षा रणनीतियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor