सुकमा के नक्सल प्रभावित गांवों में बाइक से पहली बार पहुंचे कलेक्टर
सुकमा जिले के कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने शुक्रवार को कोंटा विकासखंड के धुर नक्सल प्रभावित और लंबे समय से मुख्यधारा से कटे गांवों भेज्जी, मैलापुर, दंतेशपुरम, बुर्कलंका, गछनपल्ली, बोदराजपदर और डब्बाकोंटा का ऐतिहासिक दौरा किया। अधिकारियों ने उबड़-खाबड़ और दुर्गम रास्तों पर मोटरसाइकिल से सफर कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा। दौरे के दौरान बुर्कलंका में बन रहे “सुशासन परिसर” का निरीक्षण किया गया, जहां स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, पीडीएस सेंटर और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं को एक ही परिसर में विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी ली और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जिनमें भेज्जी पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति, गछनपाल्ली में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए स्टाफ क्वार्टर और दंतेषपुरम में प्राथमिक शाला भवन को बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश शामिल हैं।

