The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

ChhattisgarhMISC

महासर वाली माता के मंगल पाठ और भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Spread the love

राजनांदगांव। संस्कारों की जननी संस्कारधानी राजनांदगांव में श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा आयोजित 16 दिवसीय पुरुषोत्तम मास श्री नारायण महामहोत्सव में प्रतिदिन भक्ति, श्रद्धा और संस्कारों की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। श्री नारायण धाम स्थित श्री सत्यनारायण धर्मशाला, कामठी लाइन में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त करने पहुंच रहे हैं।
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के उत्सव प्रभारी श्याम खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल (बालाजी) एवं विजय खंडेलवाल ने बताया कि महामहोत्सव के द्वितीय दिवस महासर वाली माता महिला मंडल द्वारा महासर वाली माता का मंगल पाठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक अभिजीत जोशी ने अपनी मधुर एवं ऊर्जावान भजन प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु देर तक झूमते, नाचते और प्रभु भक्ति में लीन होकर आनंदित होते रहे। पूरा पंडाल जयकारों और भक्ति रस से गुंजायमान रहा।
सत्यनारायण मंदिर समिति के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं राजेश शर्मा ने बताया कि पंचम दिवस पर इस्कॉन रायपुर की टीम द्वारा प्रभु श्रीकृष्ण की प्रेम माधुरी से ओतप्रोत भक्ति संकीर्तन एवं भक्ति नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन में शहर के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक मंडलों की सक्रिय सहभागिता बनी हुई है।
धर्म लाभ अर्जित करने की अपील
समिति ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं मातृशक्ति से 16 दिवसीय पुरुषोत्तम मास श्री नारायण महामहोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर धर्म लाभ एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उपरोक्त जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।पुरुषोत्तम मास सेवा, साधना, संस्कार और समर्पण का महापर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *