The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

पुलिसिया कार्रवाई से नाराज युवक पानी टंकी पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी

Spread the love

कोरबा। पुलिस के मारपीट से परेशान एक युवक पानी टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना हरदीबाजार थाने के ग्राम नेवसा की है। जहाँ आज सुबह एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और रुपये लेने का आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे 23 हजार 500 रुपये छीन लिए गए। इससे नाराज रफीक मोहम्मद आज सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए न्याय की मांग कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करते थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। थाना प्रभारी ने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा लोगों के घरों में घुसकर उन्हें उठाकर थाने ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों ने अनवर अली नामक युवक का भी जिक्र किया, जिसकी पत्नी के अनुसार वह पिछले चार दिनों से घर नहीं लौटा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी के खिलाफ जुए से संबंधित शिकायत थी तो भी उसके साथ कथित रूप से लाठी और बेल्ट से मारपीट करना उचित नहीं है।
इस घटना की सूचना मिलने पर नए तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *