सीएम हाउस में मैराथन बैठक, अब सीएम सहित सभी के इस्तीफे का इन्तजार: बैज
रायपुर। सीएम निवास पर बीती रात हुई मंत्रियों की बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बैठक में मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर जबरदस्त घमासान मचा था। उन्होंने कहा कि असल में भाजपा संगठन और सरकार के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। सरकार पूरी तरीके से फेल हो चुकी है। अब इंतजार है कि मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों का इस्तीफा कब होगा।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने सीएम निवास में हुईं मंत्रियों की बैठक पर कहा कि मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र से आनन-फानन में मुख्यमंत्री निवास पहुँचने के निर्देश दिए गए थे। रात 8 से रात 2 बजे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज को असफल बताया। लेकिन मंत्रियों ने भी बैठक में मुख्यमंत्री के भी कामकाज की समीक्षा किए जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में जबरदस्त घमासान हुआ।
राज्य में शराब की ओवर रेटिंग पर बैज ने कहा कि बीजेपी सरकार बताए कि शराब की ओवर रेटिंग का पैसा किसके-किसके पास जा रहा है। शराब की हर बोतल से अतिरिक्त पैसा वसूली हो रही है। आखिर ये पैसा जा किसके पास जा रहा है। क्या इस मामले में ईडी, सीबीआई जांच करेगी?
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को लेकर मुख्यमंत्री साय के बयान पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने मंत्रिमंडल को संभाल लें। अपने सीएम पर पूरे मंत्रिमंडल को ही भरोसा नहीं है। सभी मंत्री और मुख्यमंत्री को ट्रेनिंग लेना हो तो आ जाएं हमारे अभनपुर प्रशिक्षण शिविर में।
महाराष्ट्र के विधायक प्रतिनिधि मंडल के छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के अध्ययन पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महाराष्ट्र के विधायकों को सीधे किसानों से बात करनी चाहिए कि किस तरह उन्हें राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत फायदा मिल रहा था। इस सरकार ने किस तरह से टोकन की प्रक्रिया को मुश्किल बनाया। अगर हमसे बात करना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है।.

