52 लाख की एमडी ड्रग्स मामले का फरार आरोपी पांच महीने बाद गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स बरामदगी मामले में फरार चल रहे आरोपी संतोष गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रतापगढ़ जिला के अरनोद क्षेत्र का रहने वाला है और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी। इससे पहले 15 जनवरी 2026 को क्राइम ब्रांच ने सिद्धेश्वर जलधारनाथ महादेव मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 513.48 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी। जांच के दौरान संतोष गिरी का नाम सामने आया, जो कार्रवाई के बाद से फरार था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों पर एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और अब सप्लायर, तस्करी के रास्तों तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है।

