ओंकारेश्वर में नर्मदा का कहर, 24 घंटे में तीन डूबने की घटनाएं युवक की मौत
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूबने की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 24 घंटे में डूबने की तीन घटनाएं सामने आईं, जिनमें नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से आए एक युवक की मौत हो गई, जबकि दिल्ली की महिला श्रद्धालु और उज्जैन से आए पिता-पुत्र को समय रहते बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार, युवक अपने आठ साथियों के साथ दर्शन के लिए ओंकारेश्वर पहुंचा था, जहां ब्रह्मपुरी घाट पर नर्मदा में डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं, केवलराम घाट पर दिल्ली की महिला और उज्जैन के पिता-पुत्र गहरे पानी में फंस गए थे, जिन्हें नाविक मुकेश वर्मा और उनके साथियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नाविकों के अनुसार, घाट के सामने नदी में कई जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनकी जानकारी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को नहीं होती और वे अचानक गहरे पानी में चले जाते हैं।

