The Popatlal

सच्ची खबर देंगे पोपटलाल

Uncategorized

भारतमाला हाईवे पर अधूरे पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, चार युवकों की हालत नाजुक

Spread the love

बिलासपुर। उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे पर सोमवार रात तोरवा थाने के दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि रात करीब 8 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां भारतमाला परियोजना के तहत पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और पुल के आगे सड़क का संपर्क भी नहीं जुड़ा है।
संभवतः कार सवारों को इसकी जानकारी नहीं थी। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे निर्माणाधीन पुल के अंतिम सिरे तक पहुंच गई और करीब 30 फीट नीचे जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल रायगढ़ जिले के निवासी हैं। वे कोरबा से बिलासपुर होते हुए रायपुर जा रहे थे। हादसे के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं इस घटना ने निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना में सुरक्षा इंतजामों और चेतावनी संकेतों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Popatlal News

Sanjay Choubey Chief Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *